चकदेही में 60 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण
सांसद कुलस्ते ने पंचायत को नशा मुक्त बनाने का किया आह्वान
- जन-मन योजना से सुनिश्चित होगा बैगा आदिवासियों का विकास
- सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने गिनाईं विकास कार्यों की उपलब्धियां
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत चकदेही में जन-मन योजना के तहत 60 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा कन्या पूजन के साथ किया गया। समारोह में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, विधायक चैन सिंह वरकड़े, जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीय, नारायणगंज उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल उपस्थित रहे।
जन-मन योजना से मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि जिले में बैगा आदिवासियों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए जन-मन योजना लागू की गई है। ग्रामीण जन ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रस्ताव भेजकर हर टोले-मोहल्ले में पक्की सड़क और आवश्यकतानुसार भवन निर्माण जैसी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि ट्राइबल विभाग के माध्यम से कम लागत में पुल-पुलियाओं और पहुंच मार्गों का निर्माण कराया गया है। मंडला को डिंडोरी, मोहगांव, मेहदवानी, सिवनी और नरसिंहपुर से जोडऩे सहित संपूर्ण क्षेत्र में उनके द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जो आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
नशा मुक्त समाज बनाने की अपील
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने उपस्थित ग्रामीणों से भावुक अपील करते हुए कहा कि पंचायत और समाज के वास्तविक विकास के लिए इसे नशा मुक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी, बशर्ते सभी लोग एकजुट होकर समाज के उत्थान पर ध्यान दें।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
आयोजन में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती चैती बाई, उप सरपंच श्रीमती कला यादव, पूर्व सरपंच जगदीश धुर्वे व गौतम यादव, सोनल धुर्वे, नंदू मरावी, ज्ञान सिंह उरेती, दलपत सिंह मसराम, विष्णु यादव, चंदन बैरागी, और शुक्ला सिंह की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासनिक अमले से सीईओ यादव, नायब तहसीलदार बबलिया, विश्वकर्मा, सब इंजीनियर लोधी, समन्वयक मोहन परस्ते, आरईएस विभाग के एसडीओ, तहसीलदार वरकड़े सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।








