ग्लोबल मार्केट जाएंगे सीहोर में बने ट्रांसफार्मर, महाकाल लोक की वजह से 20 गुना बढ़ गए श्रद्धालु

ग्लोबल मार्केट जाएंगे सीहोर में बने ट्रांसफार्मर, सीएम डॉ. यादव 4 सितंबर को रोल-आउट करेंगे नई यूनिट का पहला प्रोडक्ट

क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड करेगी प्रोडक्शन

  • 50 एकड़ की जमीन पर स्थित है कंपनी की यूनिट
  • 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के बनेंगे पावर ट्रांसफार्मर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 सितंबर को सीहोर में सीजी (क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स) पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफार्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे। करीब 50 एकड़ में स्थापित यह इकाई एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफार्मर विनिर्माण सुविधा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस संयंत्र का भूमि-पूजन किया था और अब करीब 13 से 14 महीने में यहां उत्पादन प्रारंभ हो गया है।

सीहोर में स्थापित यह आधुनिक इकाई देश में बढ़ती विद्युत जरूरतों को देखते हुए उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यहां 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के पावर ट्रांसफार्मर बनाए जाएंगे। इकाई की उत्पादन क्षमता हर माह 35 पॉवर ट्रांसफार्मर तैयार करने की होगी। इतनी बड़ी क्षमता वाली सुविधा एक ही स्थान पर स्थापित होने से देश में उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलेगी।

धरातल पर उतरा प्रोजेक्ट

सीहोर में तैयार होने वाले उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों तक भी पहुंचेंगे। इकाई में तैयार होने वाले ट्रांसफार्मर विद्युत क्षेत्र के साथ डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में उपयोग किए जाएंगे। मध्यप्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेश प्रस्तावों को वास्तविक उद्योगों में बदलने और उनसे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर है। सीजी की इस इकाई से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

विद्युत की जरूरत होगी पूरी

सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड विद्युत इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करीब नौ दशकों से कार्य कर रही है। कंपनी ट्रांसफार्मर, स्विचगियर, इंडक्शन मोटर्स, ड्राइव्स, ट्रैक्शन मोटर्स और अन्य विद्युत उपकरणों का निर्माण करती है। सीहोर की नई इकाई कंपनी की पावर ट्रांसफार्मर निर्माण क्षमता को बड़े स्तर पर विस्तार देगी। सीहोर में बनने वाले बड़े और उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से जहां देश की विद्युत जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, वहीं इनके निर्यात से सीहोर और मध्यप्रदेश की औद्योगिक पहचान को भी नई दिशा मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ इस इकाई से जुड़े अन्य कारोबारों के लिए भी अवसर बढ़ेंगे।


सीएम डॉ. मोहन यादव ने किए द्वारकाधीश के दर्शन, मांगी प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लिया मंदिर का जायजा

  • प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार
  • महाकाल लोक की वजह से 20 गुना बढ़ गए श्रद्धालु

भोपाल/द्वारका। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 सितंबर को गुजरात की देवभूमि द्वारका स्थित वन द्वारकाधीश मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भगवान श्री द्वारकाधीश का आशीर्वाद प्राप्त किया। सीएम डॉ. यादव ने भगवान से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके अलावा उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मैं धार्मिक पर्यटन के मद्देनजर द्वारका आया हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में तीर्थाटन बढ़ा है। बाबा महाकाल की कृपा से अकेले उज्जैन में श्रद्धालु लगभग 20 गुना बढ़े हैं। आज की स्थिति में 10 करोड़ से ज्यादा दर्शनार्थी उज्जैन आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थानों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने जो महाकाल लोक और बनारस में प्रयोग किया है, वह अद्भुत है। हमारी राज्य सरकार भी उसी दिशा में काम कर रही है।

अतीत हो रहा गौरवांवित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे सभी देव स्थानों पर भी सुव्यवस्था स्थापित करने, यात्रियों के लिए सुगम आगमन, उनके रहने की व्यवस्था और सभी जरूरी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इन व्यवस्थाओं को देखने के लिए भी मैं द्वारका भी आया हूं। आज सनातन संस्कृति का गौरवशाली अतीत फिर गौरवांवित हो रहा है। राज्य सरकारें अपने-अपने देव स्थलों काम कर रही हैं। द्वारका चार धाम में से प्रमुख स्थान है। हमारे चार शंकराचार्यों के चार पीठों में से ये एक है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गौरव की बात है कि कल जन्माष्टमी है। मैं सभी को बधाई देता हूं। गोपाल कृष्ण की कृपा हम पर बनी रहे।


Leave a Comment