जर्जर मार्ग बना हादसों का कारण, आप पार्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
10 दिन में सुधार का आश्वासन
- स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत बनी कटरा की खस्ताहाल सड़क
- आम आदमी पार्टी की चेतावनी, निर्माण नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत कटरा स्थित महर्षि विद्या मंदिर एमके कॉलोनी जाने वाला मुख्य मार्ग अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। बरसात के कारण सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे हर दिन स्कूली बच्चे और अभिभावक जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे को एक ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ्र्रक्क के जिलाध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि जिस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे गुजरते हैं, वह महीनों से बदहाल है, लेकिन जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। ज्ञापन सौंपते समय जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
वायरल वीडियो का असर
बताया गया कि मार्ग जगह-जगह से पूरी तरह उखड़ चुका है। बारिश के पानी के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खराब रास्ते के कारण कई बार स्कूली बच्चे कीचड़ और पानी में गिर जाते हैं, जिससे उनकी स्कूल ड्रेस तक खराब हो चुकी है। हाल ही में जिलाध्यक्ष पंकज सोनी द्वारा इस खस्ताहाल सड़क और भारी जाम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने भी अभिभावकों को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग करने का निवेदन किया।
कलेक्टर का आश्वासन और पार्टी ने दी चेतावनी
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को बदहाल सड़क की तस्वीरें दिखाईं और तत्काल मौके का निरीक्षण कर निर्माण कराने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और 10 दिनों के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









