भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक

मंडला के महिष्मति घाट में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

द्वादश ज्योतिर्लिंग में 11 हजार बेलपत्र और 56 भोग से हुआ बाबा का महाभिषेक

  • 20 वर्षों की धार्मिक परंपरा बरकरार
  • अंतिम सावन सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक, उमड़े श्रद्धालु

मंडला महावीर न्यूज 29. सावन मास के पावन अवसर पर महिष्मति घाट स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान शिव का भव्य महाभिषेक पूर्ण श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष धार्मिक आयोजन में हिस्सा लेने और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया गया कि अंतिम सावन सोमवार को महाभिषेक के दौरान भगवान भोलेनाथ को 11 हजार बेलपत्र चढ़ाए गए। साथ ही बाबा को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। पूजन का शुभारंभ श्रीगणेश मंगलकारिणी के आह्वान के साथ किया गया। इसके बाद पंडित सुभाष तिवारी के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का जल, दुग्ध और विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक संपन्न हुआ।

20 वर्षों की अटूट परंपरा 

द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में सावन मास के दौरान महाभिषेक का यह आयोजन पिछले लगभग 20 वर्षों से परंपरागत रूप से किया जा रहा है। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी यह विशेष आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने की जगत कल्याण की कामना 

श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से अभिषेक करते हुए अपनी मनोकामनाएं भगवान शिव के चरणों में अर्पित कीं। इस पुनीत अवसर पर दीपक बैरागी, संदीप सिंह, रोहित बघेल, अनिल कछवाहा, निर्भय सिंह ठाकुर, जॉनी राज, सोनिया सोनी, संध्या शिवहरे, सृष्टि श्रीवास, पूजा श्रीवास, चीकू, श्री बर्वे, श्री द्विवेदी, सत्येंद्र कुशवाहा और नरेश कछवाहा सहित समस्त शिव परिवार एवं सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment