सिद्धेश्वर धाम में शनिश्चरी अमावस्या पर महाअनुष्ठान

Advertisements

सिद्धेश्वर धाम सुरंगदेवरी में शनिश्चरी अमावस्या पर महाअनुष्ठान

हवन-पूजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

  • पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में संपन्न हुई हनुमान जी की महाआरती
  • भक्तों को मिला समस्याओं से निजात का मार्ग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सुरंगदेवरी स्थित सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र श्री सिद्धेश्वर धाम में शनिश्चरी अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य हवन-पूजन और विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वर्षों बाद बने इस दुर्लभ शनिश्चरी अमावस्या के महासंयोग पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में मंडला जिले सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुण्य लाभ कमाया।

कष्ट निवारण के लिए हुआ भव्य हवन 

सिद्धेश्वर धाम के साईं भक्त पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में सुबह पांच बजे से ही धाम में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और लोगों को अपनी व्यक्तिगत व शारीरिक परेशानियों से निजात दिलाने के उद्देश्य से एक भव्य यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य यजमानों सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं। इस दौरान पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

होती है सटीक भविष्यवाणी और संकटों का समाधान 

सिद्धेश्वर धाम के शिष्यों ने बताया कि श्री सिद्धेश्वर धाम में समय-समय पर इस तरह के जन-कल्याणकारी और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता है। इस दरबार की यह बड़ी विशेषता है कि यहाँ आने वाले दुखी और पीडि़त श्रद्धालुओं की तकलीफों का तत्काल निवारण किया जाता है। विशेष अवसरों पर पंडित ललित नारायण मिश्रा द्वारा की जाने वाली सटीक भविष्यवाणियों के माध्यम से लोगों को अपने जीवन के संकटों और झंझटों से उबरने का सही मार्ग भी मिलता है, जिसके चलते इस केंद्र पर लोगों की अगाध आस्था है।

महाआरती के बाद प्रसाद वितरण 

बताया गया कि सुबह पांच बजे सिद्धेश्वर धाम के नजदीक विराजित संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज के दरबार में अनुष्ठान शुरू किया गया। अनुष्ठान के समापन के बाद श्री हनुमान जी महाराज की भव्य महाआरती उतारी गई, जिसमें सभी भक्तों ने एक साथ सम्मिलित होकर आरती का लाभ लिया। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद उपस्थित जनसमुदाय और मातृशक्ति को विशेष महाप्रसाद वितरित किया गया।


Leave a Comment