नियमों का उल्लंघन, 49 चालान, 31 हजार 900 का जुर्माना

Advertisements

यात्री बसों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा

नियमों का उल्लंघन करने पर 49 चालान, 31 हजार 900 का जुर्माना

  • पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहा विशेष चेकिंग अभियान
  • सुरक्षा मानकों में कमी और ओवरलोडिंग पर हुई सख्त कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में जिलेभर में लोक परिवहन यात्री बसों के विरुद्ध एक विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्री बसों में अनिवार्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यात्रियों के सफर को सुरक्षित बनाना है।बताया गया कि 21 से 27 मई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत मंडला यातायात पुलिस सहित जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में बसों की सघन जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन द्वार, फस्र्ट एड बॉक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, बीमा और ओवरलोडिंग जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है।

नियमों की अनदेखी पर सख्ती 

जांच के दौरान जिन बसों में सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ पुलिस ने तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की। अभी तक की गई कार्रवाई में फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और फस्र्ट एड बॉक्स संबंधी नियमों की अनदेखी करने वाली बसों के विरुद्ध 42 चालान बनाकर 21 हजार 500 समन शुल्क वसूला गया। फिटनेस संबंधी अनियमितता और दस्तावेज पूर्ण न होने पर 1 बस का चालान कर पांच हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर 6 बसों के चालान काटकर 5 हजार 400 रूपए का समन शुल्क लिया गया। इसी तरह विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 49 चालान की कार्रवाई करते हुए 31 हजार 900 रूपए का राजस्व वसूला जा चुका है।

सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता 

कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस द्वारा बस संचालकों और चालकों को यातायात नियमों की समझाइश भी दी गई। उन्हें हिदायत दी गई है कि वे यात्री सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों को दुरुस्त रखें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यात्रियों की जान और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a Comment