सिंगरौली को बनाएंगे प्रदेश का सबसे विकसित और आधुनिक शहर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
नगर गौरव दिवस पर बोले मुख्यमंत्री- सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए हर नगर में बनेगा गीता भवन
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस-2026 के अवसर पर चून कुमारी स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सिंगरौली के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दृढ़ संकल्प दोहराते हुए कहा कि सिंगरौली को केवल ऊर्जा राजधानी तक सीमित न रखकर इसे प्रदेश का सबसे विकसित और आधुनिक शहर बनाया जाएगा।
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में भौतिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का भी अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है। इसी क्रम में प्रत्येक नगर में ‘गीता भवन’ का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ सकें।
सिंगरौली: विकास और नई संभावनाओं का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली जिले में ऊर्जा उत्पादन की असीम क्षमताएं हैं, जो इसे विकास का प्रमुख केंद्र बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ‘नगर गौरव दिवस’ जैसे आयोजन जिले की अपनी अलग पहचान बनाने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का बेहतरीन माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इन आयोजनों को भविष्य में भी हर वर्ष पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
गणमान्य जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, मध्य प्रदेश गृह एवं अधोसंरचना निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन, सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।










