बैरकों की सघन तलाशी के साथ इमरजेंसी अलार्म का हुआ रिहर्सल, सुरक्षा मानकों पर पुलिस की पैनी नजर
मंडला जिला जेल में एसपी का औचक निरीक्षण
- सुरक्षा व्यवस्था और रिस्पांस सिस्टम की हुई कड़ी जांच
- जेल की सुरक्षा का शक्ति परीक्षण
- एसपी के नेतृत्व में जिला जेल में सर्च ऑपरेशन
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व में मंडला पुलिस द्वारा जिला जेल का औचक निरीक्षण किया गया। इस औचक कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में किसी भी आपातकालीन स्थिति या जेल अलार्म बजने की दशा में पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का बारीकी से परीक्षण करना था।
निरीक्षण के दौरान एसपी रजत सकलेचा ने विशेष रूप से अलार्म रिस्पांस सिस्टम की जांच की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि आपात स्थिति में पुलिस बल की तैनाती, अधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यवाही का क्रम पूरी तरह से पूर्व-निर्धारित और प्रभावी रहे। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित रिस्पांस के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और जिला जेल अधीक्षक संजय सहलाम की उपस्थिति में पुलिस बल ने जेल परिसर में विशेष सर्च अभियान चलाया।
सर्च अभियान के दौरान कैदियों की व्यक्तिगत तलाशी ली गई। बैरकों और कैदियों के सामान की गहनता से जांच की गई। मादक पदार्थ, नशीली वस्तुओं या किसी भी प्रकार के घातक उपकरणों की मौजूदगी हेतु चप्पे-चप्पे को खंगाला गया।
सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सर्च अभियान के साथ पुलिस टीम ने कैदियों के कार्यस्थल, उनकी दैनिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने जेल के कंप्यूटर रूम और अन्य तकनीकी विभागों का भी निरीक्षण किया ताकि सुरक्षा मानकों में कोई कमी न रहे।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित जिले के कई थानों का पुलिस बल और जेल स्टाफ मौजूद रहा।










