समग्र शिक्षा अभियान के तहत नारायणगंज बबलिया संकुल के छात्र राज्य स्तरीय संस्थानों के एक्सपोजर टूर पर रवाना
- भविष्य की उड़ान, शैक्षिक भ्रमण पर निकले विद्यार्थी
- उच्च संस्थानों और रोजगार के अवसरों से होंगे रूबरू
मंडला महावीर न्यूज 29. समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के पालन में विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण पर रवाना किया गया। इस विशेष भ्रमण का मुख्य उद्देश्य हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राओं को राज्य के उच्च शैक्षणिक संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया, रोजगार की आधुनिक संस्कृति और वैज्ञानिक ज्ञानवर्धन से परिचित कराना है।
इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से इतर व्यावहारिक अनुभव और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भ्रमण दल में संकुल केंद्र बबलिया के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र शामिल हैं।
छात्रों के मार्गदर्शन और सुरक्षा के लिए दल में हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया से श्रीमती दीपा चौबे, हायर सेकेंडरी स्कूल कापा से संजय कुमार वरकड़े, हाई स्कूल सुखराम से हरि लाल वरकडे और कन्या हाई स्कूल बबलिया से श्रीमती आमों मैडम शामिल हैं। पूरी यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए वाहन प्रभारी के रूप में विजय कुमार परस्ते कमान संभाल रहे हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य में करियर चयन और उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने में मील का पत्थर साबित होगा।










