पीएम श्री कन्या विद्यालय महाराजपुर में टीएलएम मेले का आयोजन
- छात्राओं की सृजनशीलता ने जीता सबका दिल
- कबाड़ से जुगाड़, उत्कृष्ट मॉडल हुए पुरस्कृत
- महाराजपुर में शिक्षण सहायक सामग्री प्रदर्शनी संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर में मंगलवार को शिक्षण सहायक सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने कठिन विषयों को सरल बनाने के लिए स्वनिर्मित मॉडलों और चार्ट्स का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से योजना अधिकारी एलएस मसराम एवं बिंझिया प्राचार्य मुकेश पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए वर्णमाला चार्ट, वर्किंग मॉडल, वर्कबुक और स्वनिर्मित चार्ट्स का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं की कल्पना शक्ति, प्रस्तुतीकरण के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच की जमकर प्रशंसा की।
सीखने-सिखाने की नवीन तकनीक
प्रदर्शनी की मुख्य विशेषता यह रही कि छात्राओं ने न केवल विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का उपयोग किया, बल्कि कबाड़ से जुगाड़ के तहत अनुपयोगी वस्तुओं से भी बेहतरीन शिक्षण मॉडल तैयार किए। छात्राओं ने अतिथियों के तकनीकी प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए और यह भी साझा किया कि ये सामग्रियां कक्षा में पाठ को समझने में कितनी मददगार साबित होती हैं।
प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वचन दिए और भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।











