397 बच्चों को स्पॉन्सरशिप और 10 लाख की पीएम केयर्स सहायता का लाभ
- कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक संपन्न
- बच्चों के पुनर्वास और शिक्षा पर जोर
- बाल कल्याण में मंडला की बड़ी उपलब्धि
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक रोहित बड़कुल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में बच्चों की वल्नेरेबिलिटी मैपिंग की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। साथ ही बालगृह में निवासरत बच्चों को खेल विभाग के समन्वय से ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने पाक्सो प्रकरणों में सपोर्ट पर्सन की नियुक्ति प्रक्रिया और महिलाओं के संरक्षण के लिए उपलब्ध विभागीय सुविधाओं की जानकारी ली। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता ने जेजे एक्ट के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए एक संयुक्त जिला कार्ययोजना बनाने और बालिका गृह के अभाव में फिट फैसिलिटी के सुचारू संचालन पर जोर दिया।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि मंडला जिले में संस्थागत और गैर-संस्थागत देखरेख के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। योजना के तहत लाभान्वित बच्चों को सहायता राशि मिल रही है। जिसमें स्पॉन्सरशिप योजना में 397 बच्चों को चार हजार रूपए प्रतिमाह, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में चार बच्चों को चार हजार रूपए प्रतिमाह 18 वर्ष बाद 5 हजार 500 स्टाइपेंड मिलेगा। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना में 09 बच्चों को 10 लाख रूपए और आयुष्मान कार्ड का लाभ 23 वर्ष की आयु पर मिलेगा। मुख्यमंत्री कोविड 19 योजना के तहत 15 बच्चों को पांच हजार रूपए प्रतिमाह दिया जा रहा है।
पुनर्वास के सफल प्रयास
वर्तमान में मंडला में 50 सीटों की क्षमता वाला बालगृह संचालित है, जहाँ 10 बच्चे निवासरत हैं। समिति के प्रयासों से एक बालक को फॉस्टर केयर के तहत पोषक माता-पिता के पास सुरक्षित रूप से प्रतिस्थापित किया गया है। बैठक में भिक्षावृत्ति की रोकथाम और स्ट्रीट चिल्ड्रन के पुनर्वास पर भी चर्चा की गई। बैठक में जेजे बोर्ड सदस्य डॉ. रेखा चौरसिया, जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, सीएमओ गजानन नाफडे, बाल कल्याण समिति के सदस्य श्रीमती तृप्ति शुक्ला, रंजीत कछवाहा, शशि पटेल, संतोष कुमार यादव सहित पुलिस और महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।









