पुलिस को गुमराह करने के लिए रची थी अपनी ही बाइक चोरी की साजिश
- बीजाडांडी पुलिस की बड़ी सफलता
- 72 घंटे में सुलझी कटंगी की चोरी
- खुद फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड
- 2 लाख का मशरूका बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बीजाडांडी पुलिस ने ग्राम कटंगी में हुई दिनदहाड़े चोरी के मामले का महज 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी की रिपोर्ट लिखाने वाला एक व्यक्ति ही असल में आरोपी निकला, जिसने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी ही मोटरसाइकिल चोरी होने की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, एक लाख रुपये नगद और मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
जानकारी अनुसार विगत 12 फरवरी को प्रार्थी चंद्रकांत बडग़ैया 70 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी को अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़कर पेटी में रखे 90 हजार रुपये के जेवर और 1 लाख रुपये नगद पार कर दिए हैं। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साजिश का ऐसे हुआ भंडाफोड़
विवेचना के दौरान इस मामले में 15 फरवरी को एक नया मोड़ सामने आया, जब जागेन्द्र बडग़ैया 40 वर्ष नामक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को जागेन्द्र की बातों पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो जागेन्द्र टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी जागेन्द्र ने बताया कि उसने ही चंद्रकांत बडग़ैया के घर चोरी की थी। इस अपराध से बचने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए उसने अपनी ही मोटरसाइकिल छिपा दी और उसकी चोरी होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने का षडयंत्र रचा था। पुलिस ने आरोपी जागेन्द्र बडग़ैया की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर कीमती 90 हजार रुपये, नगद एक लाख रुपये और छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
बीजाडांडी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में इस कार्यवाही को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता कुडापे, उपनिरीक्षक आरके झारिया, सहायक उपनिरीक्षक अक्षय यादव, छवि सूर्यवंशी सहित फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वॉड टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है।










