रिचिका घाट में रिफाइंड तेल से भरा ट्रक पलटा
मौके का फायदा उठा तेल की पेटियां ले उड़े ग्रामीण
- एक माह में चौथा हादसा
- अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन
- चालक फरार
मंडला महावीर न्यूज 29 | बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटास से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित कला रिचिका घाट शनिवार सुबह एक बार फिर हादसों का गवाह बना। रिफाइंड तेल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घाट के अंधे मोड़ पर पलट गया। दुर्घटना के बाद जहाँ चालक मौके से भाग खड़ा हुआ, वहीं ग्रामीणों में तेल की पेटियां लूटने की होड़ मच गई।
अंधे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रक बिछिया से डिंडौरी की ओर जा रहा था। कला रिचिका घाट के खतरनाक अंधे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे गहराई में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद चालक कानूनी कार्रवाई के डर से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मदद के बजाय मची ‘लूट’
हादसे की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीण मदद के बजाय ट्रक में लदे माल पर टूट पड़े। ट्रक को लावारिस देख लोगों ने रिफाइंड तेल की पेटियां उठाकर अपने घर ले जाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोपहर तक ट्रक में लदा काफी माल गायब हो चुका था। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और भीड़ को खदेड़ा।
एक माह में चौथी बड़ी दुर्घटना
स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि:
- संकेतकों का अभाव: घाट पर खतरनाक मोड़ होने के बावजूद कोई चेतावनी बोर्ड या रेडियम संकेतक नहीं लगे हैं।
- तेज रफ्तार: सड़क चौड़ी और चिकनी होने के कारण वाहन चालक यहाँ गति पर नियंत्रण नहीं रख पाते।
- बढ़ते हादसे: पिछले 30 दिनों के भीतर इसी घाट पर यह चौथा बड़ा सड़क हादसा है।
पुलिस की कार्रवाई
बिछिया पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक और ट्रांसपोर्टर की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️











