रेल विकास के लिए मंडला में बनेगी रणनीति

रेल विकास के लिए मंडला में बनेगी रणनीति

  • 17 फरवरी को होगा विशाल धरना प्रदर्शन
  • डॉ. अशोक मर्सकोले ने भरी हुंकार
  • सभी संगठनों, व्यापारियों और समाज प्रमुखों से की शामिल होने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्रीय विकास की लाइफलाइन मानी जाने वाली रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर राष्ट्रीय रेल संघर्ष समिति ने एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया है। आगामी 17 फरवरी को प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने सभी वर्गों से एकजुट होने का आह्वान किया है।

सर्वदलीय और सर्वसामाजिक समर्थन से की अपील 

डॉ. अशोक मर्सकोले ने अपील करते हुए कहा कि रेल विकास किसी एक व्यक्ति या दल का मुद्दा नहीं, बल्कि हम सबकी साझा जरूरत है। उन्होंने जिले के सभी राजनैतिक, सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारियों और अधिकारी-कर्मचारी संगठनों से निवेदन किया है कि वे इस आंदोलन में सहभागी बनें।

तैयारियों के लिए बैठक करने दिए निर्देश 

आंदोलन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए डॉ. मर्सकोले ने संघर्ष समिति के सदस्यों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहां कि प्रतिदिन शाम को प्रतिदिन बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की जाए। सभी समाज प्रमुखों और व्यापारिक बंधुओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका लिखित व नैतिक समर्थन लिया जाए। सोशल मीडिया पर सूचना को व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए जिससे जिले का हर नागरिक इस मुहिम से जुड़ सके। आगामी 17 फरवरी को होने वाला यह प्रदर्शन रेल मंत्रालय का ध्यान मंडला की उपेक्षित रेल परियोजनाओं की ओर खींचने के लिए निर्णायक माना जा रहा है।

इनका कहना है

मंडला के विकास के लिए रेल सुविधाओं का विस्तार अब अनिवार्य हो चुका है। हमने लंबे समय तक प्रतीक्षा की है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम अपनी शक्ति दिखाएं। मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि 17 फरवरी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर रेल संघर्ष समिति के बैनर तले धरना स्थल पर पहुँचें।
डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व विधायक

रेल सुविधा न होने का सबसे बड़ा नुकसान व्यापार जगत और आम जनता को हो रहा है। माल ढुलाई महंगी है और आवागमन के साधन सीमित हैं। हम व्यापारियों ने तय किया है कि हम रेल संघर्ष समिति की मांगों का पूर्ण समर्थन करेंगे और 17 फरवरी के प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
अजय गुरवानी, व्यापारी

शिक्षा और रोजगार के लिए हमें अक्सर बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, लेकिन ट्रेनों की कमी के कारण यह बहुत कष्टदायक है। रेल विकास युवाओं के भविष्य के लिए जरूरी है। हम युवा साथी भारी संख्या में इस धरने में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
अखिलेश सोनी, समाजसेवी



 

Leave a Comment