किड्ज़ी के वार्षिक उत्सव में नन्हे सितारों ने बिखेरी चमक
360 बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियाँ
- पितृ छाया और रुद्र की लय ने दर्शकों को किया भावविभोर
- तीन पीढिय़ों के रिश्तों की दिखी अनूठी झलक
मंडला महावीर न्यूज 29. किड्ज़ी प्ले स्कूल सिविल लाइन्स मंडला का वार्षिक दिवस समारोह स्थानीय सभागार में अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम में 2.5 से 6 वर्ष की आयु के लगभग 360 नन्हे-मुन्नों ने बड़े मंच पर अपने आत्मविश्वास और मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान बच्चों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। जिसमें प्ले गु्रप के बच्चों ने टेलेटबीज एवं कल्चरल कंपास थीम पर भारत की विविध संस्कृतियों को जीवंत किया। नर्सरी और जूनियर केजी के विद्यार्थियों ने मशरूम डांस, जापानी नृत्य और एविएशन डांस जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीनियर केजी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव स्तुति रुद्र की लय ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

बच्चों ने दी भावुक कर देने वाली प्रस्तुति
कार्यक्रम की सबसे प्रभावशाली प्रस्तुति पितृ छाया रही, जिसमें दादा, पिता और पुत्र के रिश्तों को नृत्य के माध्यम से दर्शाया गया। इसके अलावा, अभिनेता धर्मेंद्र जी को समर्पित प्रस्तुति और शास्त्रीय सौंदर्य पर आधारित अलंकार नृत्य ने खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं हॉन्टेड हिलैरिटी (हॉरर-कॉमेडी) प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

अतिथियों ने दिया संदेश
इस अवसर पर मुंबई से आए जी लर्न टीम के श्रेया श्रीवास्तव और सुशांत सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की परवरिश अधिक संवेदनशील और सकारात्मक तरीके से करने के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही विशेष भूमिका
समारोह को सफल बनाने में स्कूल के निर्देशक निशांत शुक्ला, प्राचार्या शालिनी शुक्ला, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी और डांस टीचर भव्यदीप कछवाहा का विशेष मार्गदर्शन रहा। मंच संचालन काजल असरानी, सौम्या कोष्टा एवं निशा फागवानी ने कुशलतापूर्वक किया।










