जी-4, जी-5 श्रेणी की आधुनिक बिल्डिंग का होगा निर्माण

मंडला: वर्तमान परिसर में ही बनेगा नया कलेक्ट्रेट भवन

कलेक्टर ने अफवाहों पर लगाया विराम

  • उद्यानिकी भूमि का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन
  • जी-4/जी-5 श्रेणी की आधुनिक बिल्डिंग का होगा निर्माण

मंडला महावीर न्यूज 29| जिले में नए कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण स्थल को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही संशय की स्थिति पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को विराम लगा दिया है। जिला योजना भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नया प्रशासनिक भवन वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में ही निर्मित किया जाएगा।

हाईकोर्ट में विचाराधीन है प्रकरण

कलेक्टर ने जानकारी दी कि पूर्व में उद्यानिकी विभाग की भूमि पर भवन निर्माण के लिए स्थान चयन का जो प्रस्ताव था, वह मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में विचाराधीन है। सोमवार को होने वाली सुनवाई माननीय न्यायाधीश के दिल्ली प्रवास पर होने के कारण आगे बढ़ गई है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर

प्रशासनिक कार्यों की सुगमता और आम जनता की सुविधा के लिए अब वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में ही जी-4/जी-5 (G+4/G+5) श्रेणी की आधुनिक बहुमंजिला इमारत बनाने का निर्णय विभागीय अधिकारियों द्वारा लिया गया है। इस नवीन भवन में एक ही छत के नीचे जिला प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभाग संचालित होंगे, जिससे आमजन को अपने कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

भ्रामक जानकारियों से बचने की अपील

प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिलेवासियों से विशेष अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण को लेकर आधिकारिक जानकारी केवल शासन और प्रशासन के अधिकृत स्रोतों से ही प्राप्त करें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Leave a Comment