सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम में गूँजी रामधून

सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम में गूँजी रामधून

शिवलिंग स्थापना के साथ हुआ भंडारा

  • मलाजखंड वाले स्वामी जी के सानिध्य में दो दिवसीय आयोजन संपन्न
  • हजारों श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील क्षेत्र मवई के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम में दो दिवसीय अखंड रामायण मानस पाठ एवं रामधून कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। शनिवार से रविवार तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में समूचा क्षेत्र राममय नजर आया। यह आयोजन बाक़ी गुड़ा (मलाजखंड) वाले स्वामी जी के विशेष सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।

शिवलिंग स्थापना और विशाल भंडारा आयोजित 

कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विधि-विधान से शिवलिंग की स्थापना की गई। इस पावन उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सुबह से लेकर देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय भक्तों और ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

प्राकृतिक सुंदरता के साथ अध्यात्म का संगम 

जंगलों के बीच स्थित सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहाँ स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं ने बताया कि इस नैसर्गिक और आध्यात्मिक स्थल पर आने से उन्हें अद्भुत मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। अखंड पाठ के दौरान निरंतर चलती रामधून और मंत्रोच्चार से पूरे क्षेत्र का वातावरण शुद्ध और भक्तिमय बना रहा।



 

Leave a Comment