शिव भक्ति की बयार, अध्यात्म और विज्ञान के संगम से महकेगी नर्मदा नगरी

मंडला में शिव भक्ति की बयार, 10 फरवरी से शुरू होगा शवत्व से शिवत्व की ओर सत्संग समागम

  • 9 फरवरी को निकलेगी भव्य मंगल कलश यात्रा
  • अध्यात्म और विज्ञान के संगम से महकेगी नर्मदा नगरी

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा की पावन धरा मंडला में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भक्ति और ज्ञान का अनूठा उत्सव होने जा रहा है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा भगवान शिव आराधन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी शारदानंद, स्वामी सत्येन्द्रानंद एवं स्वामी यशवीर जी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

कलश यात्रा से होगा भव्य शंखनाद 

बताया गया कि मुख्य आयोजन से पूर्व 9 फरवरी को प्रात: 09 बजे सिंहवाहिनी मंदिर नाव घाट से एक विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी, जो पूरे शहर को शिवमय बनाएगी।

पंच-दिवसीय होगा विशेष सत्संग 

संस्थान द्वारा आयोजित यह समागम 10 फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा, जिसमें शिव तत्व के गूढ़ रहस्यों को आधुनिक परिप्रेक्ष्य में समझाया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम की शवत्व से शिवत्व की ओर रहेगी, जो नर्मदा कॉलोनी पार्क मंडला में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

अध्यात्म के साथ वैज्ञानिक विवेचना 

पत्रकार वार्ता के दौरान स्वामियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल पौराणिक कथाओं का वाचन नहीं, बल्कि शिव भक्ति के वैज्ञानिक पहलुओं को उजागर करना है। मधुर भजनों के बीच यह बताया जाएगा कि कैसे मनुष्य अपने अंतर्मन में ईश्वर का साक्षात्कार कर मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। संस्थान ने जिले के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार इस आध्यात्मिक उत्सव में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

इनका कहना है

यह आयोजन मंडला वासियों के लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्म-साक्षात्कार का एक दुर्लभ अवसर है।
स्वामी शारदानंद जी



 

Leave a Comment