मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल

मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल

  • गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा और साइबर बचाव के गुर
  • सड़क सुरक्षा से नशा मुक्ति तक पुलिस का जनजागरण
  • बिना हेलमेट घूमने वालों को दी समझाइश, पेट्रोल पंपों पर भी निगरानी

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में शनिवार को मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित कर नागरिकों को सुरक्षा और कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।आयोजित चौपालों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।

इन क्षेत्रों में जमी चौपाल 

अभियान के तहत बीजाडांडी के वीरमपुर, बम्हनी के लिमरूआ, टिकरिया के आमदरा, घुघरी के पिपरदर्रा, निवास के नैझेर, मोतीनाला के इंद्री, महाराजपुर के केहरपुर, नैनपुर के झीलवानी, बिछिया के सहजपुरी सहित टाटरी, पिंडरई, मनेरी और चाबी चौकियों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में पुलिस ने नागरिकों से सीधा संवाद किया।

कड़ाई से पालन सुनिश्चित 

जागरूकता के साथ पुलिस ने धरातल पर कड़ाई भी दिखाई। जिले भर के थाना क्षेत्रों में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर समझाइश दी गई। साथ ही स्थानीय पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि बिना हेलमेट वाले चालकों को ईंधन न देने संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन हो रहा है या नहीं।



 

Leave a Comment