ओबीसी प्रगति मोर्चा की कमान एड. सीबी पटेल के हाथ

ओबीसी प्रगति मोर्चा की कमान एड. सीबी पटेल के हाथ

  • मंडला में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
  • जातिगत जनगणना और यूजीसी बिल पर सरकार को घेरेगा ओबीसी समाज
  • मंडला में तैयार हुई देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय की समस्त जातियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को बिंझिया स्थित सरदार पटेल मंगल भवन में संपन्न हुई। इस विशाल बैठक में सामाजिक एकता और अधिकारों के संघर्ष को गति देने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट सी.बी. पटेल को सर्वसम्मति से ओबीसी प्रगति मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी यूजीसी बिल को तत्काल लागू कराने और जातिगत जनगणना के फार्म में ओबीसी का पृथक कॉलम जुड़वाने के लिए देशव्यापी स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है। बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जनगणना फार्म में ओबीसी का कॉलम नहीं जोड़ रही है, ताकि शासन-प्रशासन में इस वर्ग की भागीदारी सीमित रहे।

यूजीसी बिल पर सरकार की घेराबंदी 

मोर्चा के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी बिल को लागू करने में सरकार की चुप्पी और अप्रत्यक्ष सहमति संदेह पैदा करती है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे ओबीसी वर्ग के हितों पर चोट बताया है।

आगामी बैठक 28 फरवरी को 

ओबीसी प्रगति मोर्चा ने अपनी आगामी कार्ययोजना तय करने के लिए 28 फरवरी को अगली बैठक बुलाई है। संगठन ने जिले के समस्त ओबीसी समुदाय के नागरिकों से इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है ताकि भविष्य के आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में जिले भर से आए ओबीसी समुदाय की विभिन्न जातियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए एकजुटता का संकल्प लिया।


 

Leave a Comment