ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लगेंगे पंख, महिलाएं बनेंगी मास्टर ट्रेनर

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लगेंगे पंख

कोंड्रामाल में स्व-सहायता समूहों का मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण संपन्न

  • अब महिलाएं बनेंगी मास्टर ट्रेनर
  • कलेक्टर ने 15 समूहों को वितरित कीं मधुमक्खी पेटियां और टूल-किट
  • कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह

मधुमक्खी पालन से सशक्त होगी ग्रामीण आजीविका, कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कोंड्रामाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम एएसआईआर राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (लखनऊ) एवं कृषि विज्ञान केंद्र (मण्डला) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

शुद्ध शहद के साथ बढ़ेगी कृषि उपज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मधुमक्खी पालन ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने का एक प्रभावी और वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अब हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रही हैं। मधुमक्खी पालन से न केवल शुद्ध शहद का उत्पादन होगा, बल्कि परागण की प्रक्रिया से क्षेत्र की कृषि उपज में भी वृद्धि होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं अब ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में कार्य कर अन्य समूहों को भी इस स्वरोजगार से जोड़ें।

15 समूहों को मिला ‘सुरक्षा कवच’ और संसाधन

प्रशिक्षण में क्षेत्र के 15 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रत्येक समूह को 5-5 मधुमक्खी पेटियां, प्रमाण-पत्र और आवश्यक टूल-किट वितरित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मधुमक्खियों के रख-रखाव, शहद प्रसंस्करण और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों का मिला मार्गदर्शन

प्रशिक्षण कार्यक्रम में लखनऊ से आए वैज्ञानिक डॉ. पुनीत सिंह चौहान, डॉ. सुनील कुमार, प्रभात कुमार मौर्य और केवीके मण्डला की डॉ. दीपाली वाजपेई, डॉ. केतकी धूमकेती सहित उनकी पूरी टीम ने तकनीकी बारीकियों से महिलाओं को अवगत कराया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री अश्वनी झरिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



Leave a Comment