देवहार में विधायक निधि से रंगमंच का भूमि पूजन
- विधायक चेन सिंह ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
- देवगांव को मिला ट्रांसमीटर
- स्कूलों की मरम्मत और तालाब निर्माण का मिला आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत देवहार में विकास कार्यों की नई आधारशिला रखी गई। विधायक चेन सिंह वरकड़े के मुख्य आतिथ्य में विधायक निधि से स्वीकृत नवनिर्मित रंगमंच का भूमि पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान न केवल विकास कार्य का शुभारंभ हुआ, बल्कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा में देवहार पंचायत के चारों ग्रामों की सामूहिक समस्याओं को विधायक के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में अपनी मांगें प्रस्तुत कीं। जिसमें मांग की गई कि अहिरवाड़ा में सिंचाई और जल संचय हेतु नए तालाब का निर्माण किया जाए, देवहार में पेयजल संकट का स्थाई समाधान और हाई स्कूल के अधूरे भवन को पूर्ण कराया जाए, सुरंगवानी में युवाओं के लिए खेल मैदान की व्यवस्था की जाए, देवगांव में बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसमीटर की आवश्यकता। चारों ग्रामों के जर्जर प्राइमरी स्कूल भवनों की मरम्मत और मिडिल स्कूल भवन की मांग की है।
युवाओं और रोजगार के मुद्दों पर चर्चा
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों और युवाओं के भविष्य पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने विधायक जी का ध्यान 9300 जनसेवा मित्रों की पुन: बहाली और युवाओं के लिए आगामी भर्ती परीक्षाओं हेतु विधानसभा में प्रश्न उठाने की ओर आकर्षित किया। इस संबंध में विधायक को एक सामूहिक आवेदन भी सौंपा गया।
विधायक ने दी तत्काल राहत
विधायक चेन सिंह वरकड़े ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही देवगांव में नए ट्रांसमीटर की स्वीकृति प्रदान कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने आश्वस्त किया कि वे विभागीय स्तर पर चर्चा कर शीघ्र ही ठोस कदम उठाएंगे।
सराहनीय रहा सहयोग
कार्यक्रम के अंत में विधायक का आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत प्रशासन और आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही। अवसर पर क्षेत्र के युवा समाजसेवी, मुकदम स्यान, दवान पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









