कलेक्टर की पहल: मंडला के आजाद वार्ड में महिलाओं ने शुरू किया घर-घर जल परीक्षण अभियान
- स्वच्छ जल से सुरक्षित होगा कल
- एकता समूह की ‘दीदियां’ फील्ड किट से जाँच रहीं पानी की शुद्धता
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महाराजपुर के ‘एकता स्वसहायता समूह’ की महिलाओं ने आजाद वार्ड में मोर्चा संभालते हुए घर-घर जाकर जल परीक्षण (Water Testing) की कमान अपने हाथों में ले ली है।
फील्ड किट से हो रही सूक्ष्म जांच
समूह की सदस्य आधुनिक फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से वार्ड के प्रत्येक घर के नल और अन्य जल स्रोतों की बारीकी से जांच कर रही हैं। इस परीक्षण के दौरान पानी में मौजूद हानिकारक तत्वों जैसे:
- फ्लोराइड और नाइट्रेट
- आयरन और क्लोराइड
- पानी का खारापन (TDS) इन सभी मानकों की मौके पर ही जांच कर परिणाम साझा किए जा रहे हैं।
बीमारियों के प्रति कर रहीं जागरूक
समूह की दीदियों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल पानी की जांच करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। वे वार्ड वासियों को जलजनित बीमारियों जैसे टाइफाइड, हैजा और पीलिया के कारणों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रही हैं। महिलाओं द्वारा दी जा रही इस समझाइश का सकारात्मक असर वार्ड में देखा जा रहा है।
नागरिकों ने जताया आभार
आजाद वार्ड के निवासियों ने प्रशासन और एकता स्वसहायता समूह के इस जमीनी प्रयास की जमकर सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घर बैठे ही पानी की शुद्धता की जानकारी मिलने से वे अब अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं। शासन की इस योजना से न केवल शुद्ध जल सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि स्वसहायता समूह की महिलाएं भी तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बन रही हैं।









