प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने फहराया तिरंगा

मंडला में गणतंत्र दिवस की धूम

  • प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने फहराया तिरंगा
  • मार्च पास्ट और झांकियों ने मोहा मन
  • राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित हुए लोकतंत्र सेनानी और उत्कृष्ट कर्मचारी
  • पुलिस बल और जल संसाधन विभाग की झांकी रही अव्वल

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाईन मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गौरवमयी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आकाश में तिरंगे के रंगों के गुब्बारे छोड़े गए और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया।

मार्च पास्ट और परेड में दिखा अनुशासन

समारोह में सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काऊट-गाइड सहित विभिन्न दलों ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड में जिला पुलिस बल मंडला को प्रथम, सीआरपीएफ को द्वितीय और विशेष सशस्त्र बल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अनआर्म्ड प्लाटून में आरडी कॉलेज को प्रथम और पुलिस बैंड को द्वितीय स्थान मिला। पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत ‘जन-गण-मन’ की धुन और मोंटफोर्ट स्कूल के ‘सारे जहाँ से अच्छा’ गीत ने दर्शकों में देशभक्ति का संचार कर दिया।

विभागीय झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुति

शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करती विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों की श्रेणी में जल संसाधन विभाग ने प्रथम, पुलिस विभाग ने द्वितीय और कृषि विकास विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसमें रानी अवंती बाई स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्ञानदीप और उत्कृष्ट विद्यालय संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।

सम्मान और पुरस्कार वितरण

प्रभारी मंत्री ने जिले के लोकतंत्र सेनानियों को शॉल, श्रीफल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय और श्रीमती प्रीति दुबे ने किया।

गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




Leave a Comment