अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, दो घायल

नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा

  • अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, दो घायल
  • भावल चौराहे पर हुआ सड़क हादसा
  • घर लौट रहे परिवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, पुलिस ने शुरू की वाहन की तलाश

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 मार्ग पर सड़क हादसों पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। रोजाना हाईवे पर हादसे हो रहे है। जागरूकता अभियान के बावजूद लोग हेलमेट लगाने के लिए जागरूक नहीं हो रहे है, जिससे हादसे में लोग असमय ही अपनी जान गवां रहे है। शनिवार शाम हाईवे मार्ग में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां नारायणगंज से मंडला की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ग्राम भावल चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।जानकारी अनुसार कोंड्रामाल निवासी उमेश विश्वकर्मा अपनी पत्नी और पुत्री के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नारायणगंज की तरफ से अपने गांव कोंड्रामाल लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही वे भावल चौराहे के पास पहुंचे, इसी दौरान एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

डायल 112 में पहुंचा अस्पताल 

बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल डायल 112 और टिकरिया पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के स्टाफ आरक्षक रामरतन मसकरे, शरद परते और पायलट रंजीत जंघेला मौके पर पहुंचे। टिकरिया थाना पुलिस ने भी घटना स्थल का मुआयना किया और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया।

हादसे में महिला की हुई मौत 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के चिकित्सक ने घायलों का परीक्षण किया, जिसमें 45 वर्षीय यमुना विश्वकर्मा पति उमेश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में बाइक चालक उमेश विश्वकर्मा 50 वर्ष और उनकी पुत्री संगीता विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार फिलहाल नारायणगंज अस्पताल में जारी है।

पुलिस कर रही कार्रवाई 

टिकरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार वाहन की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रख दिया गया है। आज रविवार को पीएम के बाद महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को दिया जाएगा। इस घटना से कोंड्रामाल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



 

Leave a Comment