अहमदपुर में बवाल: शासकीय भूमि पर पौधारोपण के दौरान सरपंच से मारपीट

अहमदपुर में बवाल: शासकीय भूमि पर पौधारोपण के दौरान सरपंच से मारपीट

  • तीन पर मामला दर्ज
  • गोठान की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद
  • महिला सरपंच के साथ हाथ-झापड़
  • पुलिस ने शुरू की जांच

मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी थाना अंतर्गत अंजनियां चौकी के ग्राम अहमदपुर में शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण के दौरान विवाद और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत द्वारा कराए जा रहे पौधारोपण कार्य को रोकने के प्रयास में आरोपियों ने महिला सरपंच के साथ अभद्रता और मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।

शासकीय कार्य में डाला व्यवधान

जानकारी अनुसार शुक्रवार 23 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत अहमदपुर द्वारा गोठान के सामने स्थित शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण किया जा रहा था। मौके पर सरपंच सरिता परस्ते, उपसरपंच अमर झारिया और अन्य पंच मौजूद थे। इसी दौरान गांव के पलटू झारिया, सुरेंद्र झारिया और रामबाई झारिया वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे। सरपंच द्वारा भूमि को शासकीय बताने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथ-झापड़ से मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सरपंच सरिता परस्ते की रिपोर्ट पर अंजनियां चौकी पुलिस ने आरोपी पलटू झारिया, सुरेंद्र झारिया और रामबाई झारिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पूर्व में हुई थी बेदखली की कार्रवाई

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पलटू झारिया द्वारा गोठान की इस भूमि पर पूर्व में अवैध कब्जा किया गया था, जिसे तहसीलदार की कार्रवाई के बाद हाल ही में हटाया गया था। खाली हुई इसी शासकीय भूमि पर पंचायत द्वारा पौधारोपण कराया जा रहा था, जिसमें दखल देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के उद्देश्य से यह हमला किया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


अधिकारियों का पक्ष:

“महिला सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस भूमि पर पौधारोपण किया जा रहा था, वहां से पलटू झारिया का अवैध कब्जा तहसीलदार द्वारा हटाया गया था। इसी खुन्नस में आरोपी ने शासकीय कार्य में व्यवधान डाला। आगे की जांच जारी है।” — पुलिस प्रशासन, अंजनियां चौकी


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


Leave a Comment