राममय हुआ अंजनियां: देवी मंदिर में सजी भजनों की महफिल, शांतिचौक में गूंजी अखंड रामधुन
- अंजनियां में भक्ति का सैलाब
- ‘मेरे घर राम आए हैं’ के जयघोष के साथ मनाया दीपोत्सव और जागरण
मंडला महावीर न्यूज 29. अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का उत्साह उपनगरीय क्षेत्र अंजनियां में भी चरम पर देखा गया। गुरुवार और शुक्रवार को पूरा नगर भक्ति के रंग में सराबोर रहा। ‘बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं…’ जैसे कर्णप्रिय भजनों से गलियाँ गूँज उठीं और हर घर-आँगन उत्सव स्थल की तरह जगमगा उठा।
देवी मंदिर में भव्य जागरण और जादू का प्रदर्शन
नगर के प्रसिद्ध देवी मंदिर प्रांगण में माँ नर्मदा समिति के तत्वावधान में भव्य संध्याकालीन देवी जागरण का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित जादू का शो रहा, जिसमें नन्हें-मुन्नों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शांतिचौक में अखंड रामधुन की गूँज
इधर, नगर के शांतिचौक में वार्ड वासियों द्वारा गुरुवार से अखंड रामधुन का आयोजन किया गया। शुक्रवार को प्रसादी वितरण के साथ इसका विधिवत समापन हुआ। इस आयोजन में विशेष रूप से मेहंदवानी से पहुँची भजन मंडलियों ने राम नाम संकीर्तन और अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना उत्सव
प्राण प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर पर युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। जगह-जगह दीप प्रज्वलन और “जय श्री राम” के जयघोष से नगर का कोना-कोना गुंजायमान रहा। सभी कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए, जिससे समाज में एकता और श्रद्धा का संदेश गया।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️









