मंडला पुलिस का माइक्रोबीट अभियान
- गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति किया सजग
- मनेरी, मोहगांव और टिकरिया में पुलिस ने चौपाल लगाकर सिखाए यातायात के नियम
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में और पुलिस अधीक्षक मंडला के मार्गदर्शन में जिले में माइक्रोबीट प्रणाली के तहत सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 जनवरी 2026 को जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुँचकर उन्हें सुरक्षित और जागरूक जीवन जीने के गुर सिखाए।
चौकी मनेरी के अंतर्गत ग्राम डाला में माइक्रोबीट अधिकारी आरक्षक आनंद कोरी ने राहगीरों और ग्रामीणों को हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता समझाई। उन्होंने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत नशा मुक्ति की अपील की और साइबर अपराधों से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। वहीं ग्राम पौनिया में सउनि साधु सिंह धुर्वे ने भी जन-संवाद कर यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
साप्ताहिक बाजार में जागरूकता
मोहगांव थाना पुलिस ने मोहगांव माल के साप्ताहिक बाजार में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध शराब के विक्रय और नशे के सेवन से होने वाले सामाजिक व शारीरिक दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया।
मेरा गाँव-मेरी बीट अभियान
थाना टिकरिया के अंतर्गत ग्राम कुम्हा में आरक्षक प्रशांत बघेल ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने मेरा गाँव मेरी बीट अभियान के तहत साइबर फ्रॉड के नए तरीकों से बचने के उपाय बताए। साथ ही ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मंडला पुलिस द्वारा संचालित इस माइक्रोबीट प्रणाली का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और अपराध मुक्त समाज का निर्माण करना है।









