यात्री सुविधाओं और नई रेल परियोजनाओं पर हुआ मंथन
- 287 दिनों में 200 मिलियन टन माल लदान का रिकॉर्ड
- नागपुर मंडल में रेल सुविधाओं के विस्तार पर बनी सहमति
मंडला महावीर न्यूज 29. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की अध्यक्षता में नागपुर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में नागपुर मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने की। बैठक में सांसद श्याम कुमार बर्वे, डॉ. प्रशांत पडोले, विधायक कृष्णा खोपड़े नितिन गडकरी के प्रतिनिधि सहित अन्य सांसद प्रतिनिधि, मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अंत में उप महाप्रबंधक समीर कान्त माथुर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रेलवे की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मात्र 287 दिनों के भीतर दपूमरे ने 200 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार कर 23,655 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने बताया कि रेलवे वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 962 ट्रेनों का संचालन कर रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।
यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर दिया जोर
महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत एक्सप्रेस और एक स्टेशन एक उत्पाद जैसी योजनाओं की प्रगति साझा की। बैठक में स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र, वॉटर वेंडिंग मशीन, एस्केलेटर और एसी वेटिंग हॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। महिला सुरक्षा के लिए मेरी सहेली अभियान और रेल मदद ऐप की सफलता को भी रेखांकित किया गया।
क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा
बैठक में उपस्थित सांसदों और प्रतिनिधियों मंडला, बालाघाट, जबलपुर, गोंदिया, राजनांदगांव आदि ने अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं की मांग और रेल परियोजनाओं की समयबद्धता को लेकर सुझाव दिए। महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।









