डालाखापा में जल जीवन मिशन बेपटरी
3 साल से खड़ी प्यासी टंकी, कागजों में हो रही पानी की सप्लाई
- नल-जल योजना का बुरा हाल
- बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण
- ठेकेदार और विभाग की मिलीभगत के आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र और राज्य सरकार की हर घर नल, हर घर जल की महत्वाकांक्षी योजना नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत डालाखापा में दम तोड़ती नजर आ रही है। यहां पिछले 3 वर्षों से पानी की टंकी बनकर तैयार खड़ी है, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते ग्रामीणों के घरों तक आज भी पानी नहीं पहुंच सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत से कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया है। पूर्व सरपंच संजय साहू, मुन्ना सिंह, गेंदलाल यादव और सुभाष साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पाइप लाइन तो बिछा दी गई है और कुछ स्थानों पर टोटियां भी लगा दी गई हैं, लेकिन गुणवत्ता खराब होने के कारण कई जगह पाइप लाइन फूट चुकी है। जलापूर्ति के लिए बोर खनन भी हो चुका है, लेकिन आज तक टेस्टिंग नहीं की गई।
गर्मी से पहले गहराया जल संकट
जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, गांव का जलस्तर नीचे जा रहा है। गांव के हैंडपंपों ने हवा उगलना शुरू कर दिया है, जिससे कुओं और हैंडपंपों पर पानी के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की यह योजना केवल भाषणों और कागजों तक सीमित रह गई है, जबकि धरातल पर लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि तत्काल पानी की टंकी की टेस्टिंग कराकर गाँव में पेयजल सप्लाई शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही घर-घर पानी नहीं पहुँचा, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।










