गांव में शराब और जुए से बिगड़ रहा माहौल

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल: सकवाह और रामबाग की महिलाएं पहुंचीं जनसुनवाई

  • गांव में शराब और जुए से बिगड़ रहा माहौल
  • आक्रोशित महिलाओं ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत सकवाह और रामबाग में अवैध शराब और जुए की बढ़ती गतिविधियों से परेशान होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं। जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध नशों पर तत्काल रोक लगाने की गुहार लगाई है।

गांव में बिगड़ रहा सामाजिक संतुलन

महिलाओं ने ज्ञापन में बताया कि जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाले इन दोनों गांवों में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री और जुए का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। इसकी वजह से गांव में घरेलू हिंसा, आपसी विवाद और तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसका सबसे बुरा असर महिलाओं और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है।

प्रस्ताव के बावजूद नहीं रुकी बिक्री

उल्लेखनीय है कि ग्राम सभा द्वारा बीते 23 दिसंबर 2025 को इन अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को कुछ कार्रवाई भी हुई, लेकिन कुछ ही दिनों बाद शराब माफिया पुनः सक्रिय हो गए। प्रशासन की सुस्ती देख महिलाओं ने स्वयं मोर्चा संभाला और 17-18 जनवरी को शराब विक्रेताओं के घरों पर दबिश देकर शराब जब्त की। हालांकि, इस दौरान शराब विक्रेताओं और महिलाओं के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है।

सख्त कार्रवाई की मांग

पंचायत प्रतिनिधियों और महिलाओं ने कलेक्टर से मांग की है कि सकवाह और रामबाग में पुलिस प्रशासन के माध्यम से स्थायी गश्त सुनिश्चित की जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। महिलाओं का कहना है कि जब तक गांव पूरी तरह नशामुक्त नहीं हो जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।



Leave a Comment