फड़की रैयत में राशन का टोटा, 4 माह से नहीं मिला गरीबों को अनाज
- ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
- विपणन समूह की कार्यप्रणाली से ग्रामीण असंतुष्ट
- आधा-अधूरा राशन मिलने पर भड़के लोग, सोसायटी से वितरण की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत फड़की माल रैयत में राशन वितरण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ के ग्रामीणों को पिछले 4 महीनों से शासन द्वारा मिलने वाला राशन नहीं मिला है, जिससे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया के प्रवास के दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा सुनाई थी। इसके बाद जनपद अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) निवास और कलेक्टर मंडला से शिकायत की। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फड़कीमाल में कुछ राशन तो पहुँचा, लेकिन वह भी आधा-अधूरा रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि अभी भी 2 माह का राशन वितरण नहीं किया गया है, जिससे जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
समूह को हटाने की मांग
विपणन समूह की कार्यप्रणाली से तंग आकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से एक स्वर में मांग की है कि वर्तमान विपणन संघ स्व-सहायता समूह द्वारा राशन वितरण प्रणाली को तत्काल समाप्त किया जाए। ग्रामीणों ने मांग रखी है कि राशन वितरण का कार्य आदिम जाति सेवा सहकारी उचित मूल्य की दुकानों (सोसायटी) के माध्यम से कराया जाए, ताकि उन्हें नियमित और पूर्ण राशन मिल सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शेष राशन का वितरण नहीं हुआ और वितरण प्रणाली में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र प्रदर्शन को बाध्य होंगे।









