शोक संतप्त परिवार को मिली आर्थिक सुरक्षा की संजीवनी

बीमारी से बेटी को खोने वाले पिता को मिला बीमा राशि का चेक

  • शाखा प्रबंधक ने की योजना का लाभ लेने की अपील
  • शोक संतप्त परिवार को मिली आर्थिक सुरक्षा की संजीवनी

मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच साबित हो रही है । इसी योजना के तहत बबलिया क्षेत्र के ग्राम सिमरिया निवासी राजेन्द्र सिंह कुलस्ते को उनकी दिवंगत पुत्री पुष्पलता कुलस्ते के बीमा दावे के रूप में 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।

जानकारी अनुसार राजेन्द्र सिंह कुलस्ते की पुत्री पुष्पलता का निधन लगभग 4 माह पूर्व इलाज के दौरान एक बीमारी के कारण हो गया था। बेटी के असमय निधन के बाद पिता ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बबलिया में बीमा दावा प्रस्तुत किया था। बैंक द्वारा दावे की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।

शाखा प्रबंधक ने सौंपा चेक 

मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बबलिया के प्रबंधक ललित सिंगौर ने हितग्राही राजेन्द्र सिंह कुलस्ते को चेक सौंपते हुए योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना संकट के समय परिवारों को वित्तीय संबल प्रदान करती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक फैलाएं जिससे हर पात्र परिवार इसका लाभ उठा सके। इस अवसर पर बैंक के कार्यालय सहायक हिमांशु परस्ते और बुद्धभूषण निकुंबे उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति में यह राशि लाभार्थी को प्रदान की गई।


 

Leave a Comment