रोटरी क्लब का पदस्थापना समारोह
- जिला अस्पताल में लिफ्ट के लिए मंत्री और सांसद ने दिए 20 लाख
- प्रसन्न सराफ बने रोटरी क्लब मंडला के अध्यक्ष, समाजसेवियों का हुआ सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय झंकार भवन में रोटरी क्लब मंडला का वार्षिक पदस्थापना समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और विशेष अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नवपदस्थ अध्यक्ष प्रसन्न कुमार सराफ ने की। इस अवसर पर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट निर्माण के लिए मंत्री संपतिया उइके ने 10 लाख रुपये और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने 10 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र सीएमएचओ को सौंपा।
कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने रोटरी को मानवता की सेवा में समर्पित बताते हुए कार्यों की प्रशंसा की, वहीं सांसद तन्खा ने मानव सेवा को राजनीति से ऊपर बताया। कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल को प्रदान किए गए शव वाहन का लोकार्पण भी किया गया।
नई टीम ने संभाला दायित्व
पदस्थापना समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष गीता कालपीवार ने नवअध्यक्ष प्रसन्न कुमार सराफ को और निवर्तमान सचिव प्रसन्न सराफ ने नव सचिव सुरेश चौधरी को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा। इसके साथ ही रोटरी क्लब नैनपुर जंक्शन की टीम को भी पदभार ग्रहण कराया गया। स्वागत उद्बोधन डॉ. संजय तिवारी ने दिया और गीता कालपीवार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सम्मान और सामाजिक सरोकार समारोह में 50 वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ सदस्य बलदीव सिंह मैनी, नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी हर्षवर्धन बृजपुरिया, राइफल शूटर अमर्त्य दुबे और रक्तदान क्षेत्र के अजय वंशकार को सम्मानित किया गया। चार जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की गई और दिव्यांग विद्यार्थियों को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय और आभार प्रदर्शन प्रसन्न सराफ ने किया।










