संवैधानिक अधिकारों के लिए महासम्मेलन का आह्वान

18 जनवरी को भोपाल में जुटेगा ओबीसी, एससी, एसटी समाज

  • संवैधानिक अधिकारों के लिए महासम्मेलन का आह्वान
  • आरक्षण और सामाजिक न्याय की लड़ाई
  • मंडला जिले से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. ओबीसी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की ज्वलंत समस्याओं और संवैधानिक अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए आगामी 18 जनवरी को भोपाल के गोविंदपुरा (भेल) स्थित दशहरा मैदान में एक विशाल महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में प्रदेश भर से लाखों लोगों के जुटने की संभावना है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विमलेश सोनी और अपाक्स प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह सम्मेलन इन वर्गों के साथ हो रहे वर्षों पुराने अन्याय और उपेक्षा के विरुद्ध एक निर्णायक संघर्ष है।

महासम्मेलन के माध्यम से शासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी जाएंगी, जिनमें ओबीसी वर्ग को जनसंख्या के अनुपात में 52 प्रतिशत आरक्षण देना और पदोन्नति में आरक्षण का लाभ प्रदान करना। एससी, एसटी, ओबीसी के सभी बैकलॉग पदों को विशेष भर्ती अभियान चलाकर भरना। आउटसोर्स, संविदा और निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण व्यवस्था लागू करना। विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना और छात्रावासों की संख्या बढ़ाना। सफाई कर्मियों को ठेका प्रथा से मुक्त कर नियमित करना और पुरानी पेंशन योजना बहाल करना। पेसा अधिनियम और पांचवीं अनुसूची को प्रभावी ढंग से लागू कर आदिवासियों को उनके संसाधनों व रोजगार का हक दिलाना।

दमनात्मक कार्रवाई का विरोध 

नेताओं ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सामाजिक न्याय की आवाज उठाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई लोकतंत्र के विरुद्ध है। आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग भी इस मंच से उठाई जाएगी।

मंडला जिले से शामिल होने की अपील 

मंडला जिले के अजाक्स जिलाध्यक्ष गजराज मरावी, अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी, ओबीसी महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष कुंजबिहारी पटेल और जिलाध्यक्ष सी.बी. पटेल ने संयुक्त रूप से जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम जनता से अपील की है। उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन केवल एक सभा नहीं, बल्कि संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय की गारंटी को लागू कराने का संकल्प है। अत: अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर इस लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।


 

Leave a Comment