ब्रदर्स इलेवन टिकरिया ने जीता सिकोसी क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब, फाइनल में सिकोसी को हराया
- युवा क्रिकेट क्लब सिकोसी की प्रतियोगिता संपन्न
- खेल से उभरती हैं ग्रामीण प्रतिभाएं-दुर्गेश सिंगरोरे
मंडला महावीर न्यूज 29. युवा क्रिकेट क्लब सिकोसी के तत्वाधान में आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हुआ। विगत एक माह से चल रही इस प्रतियोगिता में जिले की लगभग 40 टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में ब्रदर्स इलेवन टिकरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम सिकोसी को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल ब्रदर्स इलेवन टिकरिया और जमुनिया के बीच खेला गया, जबकि दूसरा सेमीफाइनल सिकोसी और बासिनटोला के बीच हुआ। कड़े मुकाबलों के बाद टिकरिया और सिकोसी की टीमें फाइनल में पहुँचीं, जहाँ टिकरिया ने खिताबी जीत दर्ज की। युवा क्रिकेट क्लब के संयोजक गौरीशंकर वरकड़े ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनके पिता स्व. पंसारी लाल वरकड़े की स्मृति में आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण खिलाडिय़ों को एक मंच प्रदान करना है जिससे वे अपनी प्रतिभा निखारकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी दुर्गेश सिंगरोरे लोधी, वरिष्ठ समाजसेवी मगन लाल सोनी और रघुनंदन विश्वकर्मा उपस्थित रहे। दुर्गेश सिंगरोरे लोधी ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए आगामी वर्ष के लिए समिति के समक्ष नो एंट्री-नो फीस वाली प्रतियोगिता का प्रस्ताव रखा, जिससे निर्धन मेधावी खिलाडिय़ों को भी मौका मिल सके। मगन लाल सोनी एवं रघुनंदन विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेल भावना की सराहना की।
विजेताओं को किया पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा नगद राशि और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजुल, छत्रपाल मरावी, हेमचंद मरावी, विनोद मरावी, पीतम मार्को, उपसरपंच चन्दन उइके, भूतपूर्व सरपंच सुखखन उइके, अकुंर दास पड़वार, सुरेश परते, लखन मार्को सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।









