रामनगर नर्मदा तट पर सजेगा मकर संक्रांति महोत्सव
- 108 सत्यनारायण कथाओं का होगा आयोजन
- मनोकामना महादेव का होगा 11 औषधियों से महारुद्राभिषेक
मंडला महावीर न्यूज 29. मकर संक्रांति के पावन पर्व पर इस वर्ष भी किले के समीप रामनगर नर्मदा तट पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। पंडित राम गोपाल शास्त्री नीलू महाराज वरदान आश्रम अंजनिया के मार्गदर्शन में होने वाले इस 15वें वार्षिक महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यहाँ स्थापित मनोकामना महादेव के प्रति क्षेत्र के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है।
15 वर्षों से जारी है भक्ति की परंपरा
बताया गया कि नीलू महाराज द्वारा 15 वर्ष पूर्व स्थापित शिवलिंग को भक्त मनोकामना महादेव के नाम से पूजते हैं। इस स्थान की महत्ता इतनी अधिक है कि प्रतिवर्ष सावन के तीसरे सोमवार को 12 गांवों के कांवड़ यात्री यहाँ जल चढ़ाकर वरदान आश्रम में महारुद्राभिषेक करते हैं। इसी क्रम को जारी रखते हुए विगत 15 वर्षों से मकर संक्रांति पर यहाँ विशाल धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाता रहा है।
108 कथाएं और होगा औषधीय अभिषेक
बताया गया कि इस वर्ष 15 जनवरी को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एक साथ 108 सत्यनारायण भगवान की कथाओं का वाचन किया जाएगा। भगवान भोलेनाथ का 11 विशेष प्रकार की औषधियों से अभिषेक होगा। कार्यक्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और माँ नर्मदा की परिक्रमा करने वाले परिक्रमावासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।
साध्वी कल्पतरु माताजी ने किया आह्वान
वरदान आश्रम परिवार की साध्वी कल्पतरु कल्पना माताजी ने क्षेत्र की सभी पवित्र आत्माओं और श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर रामनगर तट पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदा तट पर जप-तप और दान का विशेष फल मिलता है, अत: अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।









