श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह प्रसंग ने मोहा मन
- कथा व्यास पं. शिवाकांत शास्त्री की अमृतमयी वाणी से सराबोर हुए श्रद्धालु
- विशाल भंडारे और पूर्णाहुति के साथ होगा श्रीमद् भागवत कथा का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी के राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य समापन आज सोमवार को किया जाएगा। श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन कर रहे कथा व्यास भागवताचार्य पं. शिवाकांत शास्त्री ने अपनी मधुर वाणी से भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न जीवन प्रसंगों का सजीव वर्णन किया।
कथा के सातवें दिन भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाया, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे । इसके साथ ही कृष्ण-सुदामा की अटूट मित्रता और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कथा का समापन किया गया। श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह के प्रसंग के दौरान श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह का आयोजन किया गया। जिसकी तैयारी महिला मंडल द्वारा की गई। इस दौरान कन्हैया जी की बारात राम मंदिर से निकाली गई सभी भक्तों ने बारात कर भव्य स्वागत किया।
भक्तिमय हो गया बीजाडांडी
5 जनवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस आयोजन का समापन विधि-विधान से पूजन और हवन के साथ आज सोमवार को किया जाएगा। समापन के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे सप्ताह दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस कथा ने क्षेत्र के वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। मंदिर समिति और ग्रामवासियों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया है।










