श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

  • लाड़ली बहना महिला मंडल के सहयोग से आयोजित नौ दिवसीय ज्ञान यज्ञ में उमड़ा जनसैलाब

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम देवरी में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। यहां लाड़ली बहना महिला मंडल के विशेष सहयोग से आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के सातवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा व्यास पंडित कृष्णगोपाल पाण्डेय ने अपनी अमृतमयी वाणी से प्रभु श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का सजीव वर्णन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कथा के सातवें दिन पंडित कृष्णगोपाल पाण्डेय ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सच्ची मित्रता में अमीरी-गरीबी का कोई स्थान नहीं होता। जब निर्धन सुदामा अपने मित्र कृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे, तो भगवान ने नंगे पैर दौड़कर उनका स्वागत किया। सुदामा के लाए हुए चावल को ग्रहण कर भगवान ने मित्रता की जो मिसाल पेश की, उसे सुनकर पांडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कथा व्यास ने संदेश दिया कि ईश्वर केवल प्रेम और भक्ति के भूखे हैं।

जीवन की नश्वरता और बताई प्रभु की भक्ति 

कथा के अंतिम चरणों में राजा परीक्षित के मोक्ष की कथा सुनाई गई। महाराज परीक्षित को मिले शाप और उसके बाद शुकदेव मुनि द्वारा उन्हें सात दिनों तक सुनाई गई भागवत कथा के महत्व को रेखांकित किया गया। पंडित कृष्णगोपाल पाण्डेय ने बताया कि भागवत कथा श्रवण से न केवल मन शुद्ध होता है, बल्कि जीव को जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति प्राप्त होती है। परीक्षित के मोक्ष के प्रसंग के साथ ही जीवन की नश्वरता और प्रभु भक्ति की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।

ग्राम देवरी में है आध्यात्मिक उत्साह 

इस नौ दिवसीय आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ लाड़ली बहना महिला मंडल की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिदिन होने वाले भजनों और झांकियों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया है। कथा के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने लाभ उठाया। आज 12 जनवरी को हवन, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का समापन किया जाएगा। लाड़ली बहना महिला मंडल एवं देवरी के समस्त ग्रामवासियों ने धर्मप्रेमी सज्जनों और माताओं से कथा समापन पर शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles