अंजनिया के पास भीषण सड़क हादसा
- अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिरा लोहे से लदा ट्रक
- सात घंटे चले रेस्क्यू के बाद केबिन में फंसे चालक-परिचालक को निकाला बाहर, हालत गंभीर
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 पर स्थित अंजनिया-मेढ़ाताल बड़े घाट में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहा लोहे की सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पूरी तरह पलट गया और उसके पहिए ऊपर की ओर हो गए।
हादसे के बाद ट्रक का केबिन मलबे और लोहे के बीच दब गया, जिसमें चालक सौरभ यादव 20 वर्ष और क्लीनर अर्जुन यादव 40 वर्ष बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही अंजनिया पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन 1033 की टीम मौके पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मण्डला से एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
कटर और जेसीबी की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रात भर चले इस रेस्क्यू अभियान में टीम को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ट्रक में लदी लोहे की सरिया को हटाने के बाद आरा कटर और ग्राइंडर मशीन से केबिन के हिस्सों को काटा गया। साथ ही जेसीबी की मदद से मलबे को खींचकर रास्ता बनाया गया। लगभग 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह 8.30 बजे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
मौके पर ही दिया गया प्राथमिक उपचार
रेस्क्यू के दौरान अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र की टीम भी मौके पर मुस्तैद रही। फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ ने केबिन में फंसे घायलों को मौके पर ही ग्लूकोज और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। बाहर निकालने के बाद दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र और फिर गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम रही मुस्तैद
इस पूरे अभियान में अंजनिया चौकी से एएसआई राजेश सराठे, प्रधान आरक्षक उत्तम गोठारिया, आरक्षक सुनील, मेजर पंचेश्वर सहित एसडीआरएफ बल और हाईवे हेल्पलाइन के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल अंजनिया पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।









