मंडला बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने खुद मैदान में उतरे कलेक्टर
बोले- सड़क पर बस खड़ी की तो लगेगा जुर्माना
- दुकानों के टेंडर प्रक्रिया और समय-सारणी प्रदर्शित करने के दिए निर्देश
- यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने रविवार को स्थानीय बस स्टैंड का सघन निरीक्षण किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की प्रगति जानने के लिए कलेक्टर श्री मिश्रा पुनः बस स्टैंड परिसर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बस संचालन, समय-सारणी, पार्किंग और नव-निर्मित दुकानों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
समय-सारणी और समयबद्ध संचालन अनिवार्य
कलेक्टर ने परिवहन अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी बसों का संचालन निर्धारित समय पर ही हो। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर स्पष्ट और बड़ी समय-सारणी (Time-Table) प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
बीच सड़क पर बस खड़ी करने पर होगी कार्रवाई
यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि बस स्टैंड से निकलने के बाद कोई भी बस बीच सड़क पर पुनः खड़ी नहीं होनी चाहिए। यदि कोई चालक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो संबंधित वाहन पर तत्काल जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।
दुकानों का होगा पारदर्शी टेंडर
बस स्टैंड परिसर में बनाई गई दुकानों के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इनका आवंटन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों के संचालन से यात्रियों के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड शहर का प्रवेश द्वार और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, यहाँ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
इस निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) श्री बिमलेश कुमार गुप्ता, नगर पालिका सीएमओ श्री गजानंद नाफड़े सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।










