कलेक्टर खुद उतरे सड़कों पर, मंडला शहर को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान शुरू
- सड़कें आम जनता और आपात सेवाओं के लिए
- दुकानदारों को समझाइश, सीमाओं में रहकर करें व्यापार
- कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई-सोमेश मिश्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से रविवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान छेड़ा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा खुद प्रशासनिक अमले के साथ सड़कों पर उतरे और प्रमुख बाजारों व मुख्य मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटवाए। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
बताया गया कि अभियान के दौरान कलेक्टर ने दुकानदारों और ठेले-फेरी वालों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कें आम नागरिकों की सुविधा और एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाओं के लिए होती हैं। अतिक्रमण से न केवल जाम लगता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उद्योग विभाग एक दल गठित कर दुकानदारों को दी गई अनुमतियों और लाइसेंस की सूक्ष्म जांच करे। सड़कों के किनारे रखे होर्डिंग्स, बोर्ड और अन्य प्रचार सामग्री को तत्काल हटाने के आदेश दिए गए।
पहले समझाइश, फिर कार्रवाई
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को निर्देशित किया कि पहले चरण में दुकानदारों को सहयोगात्मक तरीके से समझाइश दी जाए। यदि इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो भारी जुर्माना और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने भविष्य में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि हटाया गया अतिक्रमण दोबारा न पैर पसार सके।
व्यवस्था सुधारने की पहल
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पैदल यात्रियों को सुविधा देना और स्वच्छ एवं सुंदर मंडला की संकल्पना को साकार करना है। प्रशासन दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं और स्थानों के चिन्हांकन पर भी विचार कर रहा है ताकि व्यापार भी सुव्यवस्थित तरीके से चलता रहे। इस अभियान के दौरान अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम, नगर पालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े सहित बड़ी संख्या में पुलिस और राजस्व अमला तैनात रहा।










