पुलिस ने नादिया तिराहे पर बांटे 30 हेलमेट, सुरक्षा का दिया संदेश
- मनेरी की मेगा पाइप फैक्ट्री में गूंजा नशा मुक्ति का नारा
- पुलिस ने कर्मचारियों को सिखाए यातायात के नियम
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मनेरी चौकी और महाराजपुर थाना पुलिस द्वारा जन-जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्ति पर जोर दिया गया।
चौकी मनेरी के अंतर्गत मेढी क्षेत्र में स्थित मेगा पाइप फैक्ट्री में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान चौकी प्रभारी शशांक शुक्ला और पुलिस स्टाफ ने फैक्ट्री के लगभग 60 से 70 कर्मचारियों व अधिकारियों को संबोधित किया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। कर्मचारियों को शराब पीकर वाहन न चलाने और हर प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर फैक्ट्री के मुख्य प्रबंधक सरोज कुमार गवई भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
30 हेलमेट वितरित
यातायात व्यवस्था को सुधारने और हेलमेट पहनेगा मंडला मुहिम को गति देने के लिए थाना यातायात एवं थाना महाराजपुर द्वारा नादिया तिराहा पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह क्षेत्र ब्लैक स्पॉट (अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्र) के रूप में चिन्हित है। यहाँ कल्पतरू प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड के सहयोग से आम नागरिकों को 30 हेलमेट नि:शुल्क वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि एक छोटी सी सावधानी कैसे बड़े हादसों को टाल सकती है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, महाराजपुर थाना प्रभारी जय सिंह यादव और सूबेदार योगेश राजपूत सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।










