मंडला में स्मार्ट मीटर पर संग्राम

मंडला में स्मार्ट मीटर पर संग्राम

बिजली कर्मचारी और बैंक महाप्रबंधक के बीच जमकर हुई मारपीट

  • लालीपुर में मीटर बदलने को लेकर उपजा विवाद
  • थाने पहुंचा मामला
  • बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

मंडला: जिले में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर आम जनता का आक्रोश अब हिंसक रूप लेने लगा है। शनिवार को लालीपुर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली कंपनी की टीम और जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के महाप्रबंधक के बीच गहरा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच नौबत मारपीट तक आ पहुंची, जिसके बाद मामला कोतवाली थाने जा पहुंचा।

मीटर बदलने को लेकर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, बिजली कंपनी पिछले छह माह से पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रही है। शनिवार को बिजली कंपनी के कर्मचारी और ठेकेदार के लोग लालीपुर क्षेत्र में स्थित जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के महाप्रबंधक नरेंद्र कोरी के निवास पर मीटर बदलने पहुंचे थे। मीटर लगाने की बात को लेकर महाप्रबंधक और कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।

थाने में लगा हुजूम 

घटना के तुरंत बाद बैंक महाप्रबंधक नरेंद्र कोरी और बिजली कंपनी के कर्मचारी कोतवाली थाने पहुंचे। थाने में लगभग एक घंटे तक दोनों पक्षों के समर्थकों और सहकर्मियों का जमावड़ा लगा रहा। पुलिस को दी गई शिकायतों में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बदसलूकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं। थाने में काफी देर तक चली चर्चा के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से कोई भी शिकायत दर्ज न कराने का फैसला किया। इसके बाद वे समझौता कर थाने से लौट गए।

समझौता के बाद शांत हुआ मामला 

इस घटना को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि लालीपुर निवासी नरेन्द्र कोरी और बिजली विभाग के उपयंत्रियों के बीच स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद हुआ था, जो हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने थाने आए थे, लेकिन आपसी सहमति बनने के बाद उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई ना चाहने की बात कही और वापस चले गए।

जनता में स्मार्ट मीटर को लेकर पहले से है गुस्सा

गौरतलब है कि मंडला में स्मार्ट मीटर का विरोध लंबे समय से हो रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद मनमाने बिल जनरेट हो रहे हैं, जिसे लेकर पूर्व में भी कई विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। कुछ समय तक काम बंद रहने के बाद बिजली कंपनी ने हाल ही में दोबारा मीटर लगाने का काम शुरू किया है, जिसे लेकर शहर के कई हिस्सों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles