नैनपुर में शिक्षा माफिया बेखौफ, मान्यता रद्द होने के बाद भी ऑक्सफोर्ड स्कूल का संचालन जारी
- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, पोर्टल से नाम कटे
- फिर भी अभिभावकों को अंधेरे में रख चल रही थीं कक्षाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में शिक्षा को व्यापार बनाने वाले शिक्षा माफिया इन दिनों सक्रिय हैं। ताजा मामला नैनपुर वार्ड क्रमांक 9 में संचालित अशासकीय ऑक्सफोर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल का है, जहाँ विभाग द्वारा मान्यता समाप्त किए जाने के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पोर्टल पर सभी बच्चों की टीसी जारी की जा चुकी है, लेकिन पालक इस बात से पूरी तरह अनजान हैं।
जानकारी अनुसार अनिवार्य अहर्ताओं को पूरा न कर पाने के कारण इस विद्यालय की मान्यता मार्च 2025 में ही समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद प्रबंधन ने अक्टूबर 2025 में पुन: मान्यता के लिए आवेदन किया था, लेकिन 12 नवंबर 2025 को जिला और जनपद शिक्षा केंद्र की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के बाद इसे फिर से निरस्त कर दिया। स्पष्ट आदेश के बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने न तो स्कूल बंद किया और न ही पालकों को इसकी सूचना दी।
पोर्टल से गायब हुए छात्र, भविष्य पर संकट
जांच में यह गंभीर तथ्य सामने आया है कि संस्था द्वारा ऑनलाइन पोर्टल पर सभी विद्यार्थियों की टीसी जारी कर दी गई है। इसका अर्थ यह है कि तकनीकी रूप से ये बच्चे वर्तमान में किसी भी स्कूल में दर्ज नहीं हैं। आरटीई अधिनियम 2009 की धारा 18 का उल्लंघन करते हुए संस्था ने बच्चों के भविष्य को अधर में लटका दिया है।
अधिकारियों ने मारा छापा, बनाया पंचनामा
शिकायत मिलने पर 7 जनवरी को जनपद शिक्षा केंद्र नैनपुर की टीम पुन: विद्यालय पहुंची। बीआरसी बिजेंद्रधर द्विवेदी, जन शिक्षक दीपक देहले और दिनेश झारिया ने मौके पर पहुंचकर विद्यालय संचालन के साक्ष्य जुटाए। टीम ने बाल्कान रजिस्टर को जब्त कर अभिभावकों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की है।









