भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी जल जीवन मिशन की टंकी
- पहली बार भरते ही छलनी हुई दीवारें, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
- देवरी कला में पानी के लिए हाहाकार, जीर्ण-शीर्ण टंकी ने खोली विभाग की पोल
- कलेक्टर की जनसुनवाई के बाद खुली पोल, ग्रामीणों ने दी चक्काजाम की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना मंडला जिले के देवरी कला बबलिया में भ्रष्टाचार और लापरवाही का शिकार होती नजर आ रही है। वर्ष 2022-23 में निर्मित पानी की टंकी अपने उद्घाटन से पहले ही जर्जर हो चुकी है। हालात इतने बदतर हैं कि पहली बार टेस्टिंग के दौरान टंकी से पानी झरने की तरह बहने लगा, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो उठे हैं।
बताया गया कि विगत लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे देवरी कला के ग्रामीण विगत दिवस जनसुनवाई में जिला मुख्यालय पहुंचे थे। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने कलेक्टर से गुहार लगाई थी कि निर्माणाधीन टंकी का कार्य पूर्ण कराकर जलापूर्ति शुरू की जाए। कलेक्टर के निर्देश पर जब विभाग के अमले ने टेस्टिंग के लिए टंकी को पानी से भरा, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुल गई। नई बनी टंकी चारों तरफ से बुरी तरह टपक रही है और इसकी दीवारें जीर्ण-शीर्ण हालत में दिखाई दे रही हैं।
पाइपलाइन विस्तार में भी अनियमितता का आरोप
ग्राम पंचायत के पंच करमसिंह वरकड़े, देवसिंह पंद्राम एवं अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि न केवल टंकी का निर्माण घटिया है, बल्कि गांव में बिछाई गई पाइपलाइन का विस्तार भी अधूरा और मापदंडों के विपरीत है। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों पर काम पूरा दिखाया जा रहा है, लेकिन हकीकत में कई मोहल्ले आज भी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
टंकी फिर से बनाओ वरना होगा चक्काजाम
धोखे और भ्रष्टाचार से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर जमकर नारेबाजी की और जिला प्रशासन से सख्त मांग की है कि इस जर्जर टंकी को ध्वस्त कर नई टंकी का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही पाइपलाइन का विस्तार उन क्षेत्रों में भी किया जाए जहाँ अब तक पानी नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।









