आईजी संजय कुमार ने विद्यार्थियों को सिखाए यातायात के नियम, बांटे हेलमेट
- नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा पर आईजी ने किया जन-संवाद
- मंडला में पुलिस का जागरूकता अभियान
- उत्कृष्ट विद्यालय में गूंजा सुरक्षा का मंत्र
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट रेंज संजय कुमार के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य कल्पना नामदेव ने आईजी संजय कुमार का स्वागत कर किया।
आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में साइबर सेल के आरक्षक सुरेश भटेरे ने ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके बताए और हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। यातायात सूबेदार योगेश ने सड़क सुरक्षा माह के तहत हिट एंड रन योजना और कैशलेस इलाज की प्रक्रियाओं को समझाया। डीएसपी सतीश चतुर्वेदी ने पॉक्सो अधिनियम और हेल्पलाइन नंबर 1090 व 1098 के महत्व पर प्रकाश डाला। एएसपी शिवकुमार वर्मा ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप की जानकारी देते हुए नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और ड्रग्स की सूचना देने के लिए व्हाट्सएप नंबर 7587644166 साझा किया।

आईजी का संवाद, प्रश्नोत्तरी में जीते हेलमेट
मुख्य अतिथि आईजी संजय कुमार ने छात्रों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मृत्यु दर का मुख्य कारण जागरूकता की कमी है। उन्होंने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें सही उत्तर देने वाले मेधावी छात्रों को आईजी द्वारा हेलमेट पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।

ग्राम बिनेका में हुआ जन-संवाद
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनेका में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां सरपंच एवं पंचायत सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। आईजी और एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया गया। यहां आईजी संजय कुमार और एसपी रजत सकलेचा ने राहगीरों को हेलमेट वितरित किए और सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एसडीओपी पीयूष मिश्रा, कोतवाली प्रभारी शफीक खान, यातायात प्रभारी ललित धुर्वे, महिला थाना प्रभारी आरती तेकाम, अखिलेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और पुलिस बल उपस्थित रहा।










