राशन के लिए तरसे फड़की रैयत के ग्रामीण, 4 माह से नहीं मिला अनाज

राशन के लिए तरसे फड़की रैयत के ग्रामीण, 4 माह से नहीं मिला अनाज

  • ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष से शिकायत, समूह की मनमानी से आक्रोश
  • नारायणगंज जनपद अध्यक्ष ने एसडीएम और खाद्य विभाग को सौंपी रिपोर्ट

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखण्ड नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत फड़की रैयत और फड़की माल के ग्रामीण पिछले चार महीनों से दाने-दाने को मोहताज हैं। मध्यप्रदेश विपणन संघ द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान के विक्रेताओं द्वारा उपभोक्ताओं को राशन वितरण नहीं किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश के बीच जनपद अध्यक्ष नारायणगंज आशाराम भारतीया ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए अनुविभागीय अधिकारी निवास और खाद्य विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल कार्यवाही की मांग की है।क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया को ग्रामीणों ने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के तहत संचालित इस दुकान के विक्रेताओं ने पिछले चार माह से गरीबी रेखा के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का वितरण नहीं किया है। राशन न मिलने से गरीब परिवारों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।

समूह को हटाकर नई दुकान खोलने की मांग 

ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष के समक्ष लिखित पंचनामा प्रस्तुत करते हुए मांग की है कि वर्तमान में विपणन संघ के समूहों के माध्यम से संचालित इस व्यवस्था को तत्काल बंद किया जाए। फड़की रैयत, फड़की माल और ग्राम पंचायत सिवनी को मिलाकर एक नई शासकीय उचित मूल्य की दुकान खोली जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि जब से विपणन संघ के समूहों ने वितरण का जिम्मा लिया है, तब से अनियमितताएं बढ़ गई हैं और उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।

जनपद अध्यक्ष ने दिया आश्वासन 

जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वह इस विषय पर जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से बात करेंगे ताकि रुका हुआ राशन जल्द वितरित हो सके और लापरवाह विक्रेताओं पर कार्यवाही की जा सके। इस दौरान काशीराम मरावी, दयाराम मरावी, गंगाराम मरावी, फागु सिंह मरावी, बालवीर मरावी, राम सिंह तेकाम, लंबू कुशराम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles