शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
- खलौड़ी के छह खेतों में फैला था तारों का जाल
- बिछिया पुलिस कर रही जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम खलौड़ी में वन्यजीव शिकार के लिए बिछाए गए करंट युक्त तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार अज्ञात लोगों ने वन्यजीवों का शिकार करने के उद्देश्य से जीआई तार में करंट फैलाकर खेतों में जाल बिछा दिया था। यह तार खलौड़ी गांव के छह किसानों के खेतों से होकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक फैला हुआ था। बताया गया कि बीती रात गांव के ही नीलेश पिता गजमराम (18) और लवकेश पिता डाल सिंह (16) किसी काम से खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान सीताराम राजपूत के खेत को पार करते समय दोनों जीआई तार के संपर्क में आ गए। करंट की चपेट में आने से नीलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लवकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने बिछिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया तथा शिकार के लिए बिछाए गए करंटयुक्त तार को जब्त कर लिया है। इस संबंध में बिछिया टीआई रंजीत सैयाम ने बताया कि वन क्षेत्र से लगे इलाके में अज्ञात लोगों द्वारा शिकार के लिए करंटयुक्त तार लगाया गया था, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।









