कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन में मिला नर कंकाल
फांसी के फंदे पर झूलता मिला शव
- केटीआर क्षेत्र में लगातार मिल रहे मानव कंकाल
- वन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- टाटरी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सूरपाटी की घटना, ग्रामीण क्षेत्र में फैली सनसनी
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा नेशनल पार्क से लगे बफर जोन के जंगलों में लगातार मिल रहे मानव कंकालों ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। खटिया क्षेत्र में रेत में दबे महिला के कंकाल मिलने के महज 24 घंटे के भीतर अब टाटरी पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम सूरपाटी के जंगल में एक नर कंकाल पेड़ से फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
लापता ग्रामीण होने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही टाटरी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को फंदे से नीचे उतरवाया। घटनास्थल पर मिले पुराने कपड़ों और अवशेषों के आधार पर ग्रामीणों ने इसकी पहचान सूरपाटी निवासी नैन सिंह मरावी के रूप में की है। परिजनों के अनुसार, नैन सिंह लगभग दो माह पूर्व घर से जंगल जाने की बात कहकर निकले थे और तब से लापता थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से ही पुलिस चौकी में दर्ज है।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए सैंपल
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, कंकाल काफी पुराना है। शव का कमर के नीचे का हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर फॉरेंसिक जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच हेतु जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
कान्हा टाइगर रिजर्व (KTR) क्षेत्र के जंगलों में लगातार मिल रहे शवों ने वन विभाग और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि:
- क्षेत्र में नियमित सर्चिंग और गश्त का अभाव है।
- गुमशुदगी की रिपोर्ट के बावजूद समय रहते जंगलों में तलाश नहीं की जाती।
- वन विभाग की लापरवाही के कारण अज्ञात परिस्थितियों में मृत लोगों के शव हफ्तों तक जंगलों में पड़े रहते हैं और परिजनों को उनकी जानकारी नहीं मिल पाती।
दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कंकाल मिलने से वन प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के प्रति क्षेत्र में भारी असंतोष देखा जा रहा है।










